दो दिन पहले हाफ़ मैराथन दौड़कर आया हूँ। अचम्भे की बात यह है कि इस बार बिना रोना-गाना मचाए पूरी कर ली।
एक बार भी खुद को खरी-खोटी नहीं सुनाई। जीवन के निर्णयों पर सवाल नहीं उठाए। आख़िरी पाँच किलोमीटर में हर सौ मीटर पर यह भी नहीं सोचा कि मैं बार-बार अपने साथ ऐसा क्यों करता हूँ। क्लॉड भइया की सलाह और अभ्यास आखिरकार रंग लाए।
चूँकि इस बार अपना सब कुछ कुशल-मंगल चल रहा था, इसलिए बाकी लोगों पर भी थोड़ा ध्यान दे पाया। वरना अभी तक मेरा ध्यान बस इस बात पर रहता था कि अगला किलोमीटर किस तरह पूरा किया जाए।
अपने दो साल के पीड़ाभरे रनिंग करियर में कई तरह के किरदार मिले हैं। अब थोड़ा समय है तो उनका ज़िक्र करता हूँ।
हर रेस में एक नंगे पैर दौड़ने वाला मिल ही जाता है। इनके दो लक्ष्य होते हैं। खुद को चुनौती देना और बाकी लोगों को हतोत्साहित करना।
मैं नंगे पैर दौड़ रहा हूँ। तुम दस हज़ार के जूते पहनकर भी पीछे हो।
वह ऐसा कहता नहीं है। पर उसके हर कदम पर मुझे यही सुनाई देता है।
फिर एक आदमी बास्केटबॉल टप्पा कराते हुए भाग रहा होता है। इन्होंने शायद तय कर रखा है कि कहीं दौड़ने का मन नहीं किया तो खेल लेंगे। साथ में आवाज़ होती रहती है, तो लोग रास्ता भी दे देते हैं। हम बाकी लोग सिर्फ़ हाँफकर अपना आगमन सूचित करते हैं।

फिर आते हैं उसैन बोल्ट के भाँजे। शुरू में ऐसी भयानक दौड़ लगाते हैं कि मुझे लगता है मैं ग़लत जगह आ गया हूँ। तीन-चार किलोमीटर बाद वही लोग पदयात्रा करते मिलते हैं। अब तक उन्होंने भी आसपास के पेड़-पौधों में रुचि लेना शुरू कर दिया होता है।
एलीट रनर्स के बारे में कुछ विशेष नहीं कह पाऊँगा। उनसे मुलाक़ात बहुत संक्षिप्त होती है। मैं जा रहा होता हूँ और वे आधी दूरी पूरी करके लौट रहे होते हैं।
अपने मानसिक स्वास्थ्य के लिए मैंने मान लिया है कि ये कोई दूसरी रेस दौड़ रहे हैं। इनका हमसे कोई सम्बन्ध नहीं है।
कुछ कुकुर भी साथ दौड़ते हैं। इन्हें दौड़ना भी है और बीच-बीच में किसी को लँगड़ी भी लगानी है। फिर दो कुकुरों का आपस में कोई पुराना मामला निकल आता है और वहीं सुनवाई शुरू हो जाती है।
हम इंसान ऐसी स्थितियों में खुद को किसी तरह रोक लेते हैं। इसे कम्युनिटी रन कहते हैं। सबको मिल-जुलकर दौड़ना है। इसका मतलब यह नहीं कि किसी को धक्का देने का मन नहीं करता।
ख़ासकर उन लोगों को, जो कट मारकर आपको ओवरटेक करते हैं और ठीक सामने आकर आपसे धीमे भागने लगते हैं।
मतलब क्या भाई? पीछे की हवा अच्छी नहीं लग रही थी?
एक प्रजाति वॉटर स्टेशन पर सक्रिय होती है। स्टेशन बाईं तरफ़ है। ये दाईं तरफ़ दौड़ रहे हैं। लगता है इन्हें पानी नहीं चाहिए। फिर ऐन मौक़े पर अँधेरी के जाँबाज़ ऑटोवाले की तरह आपके सामने से कट मारते हैं।
अरे भाई, बता तो दो। हाथ ही दिखा दो। हम कौन-सा पानी लेकर भागे जा रहे हैं।
फिर बोतल सड़क पर फेंक देते हैं। पीछे आने वाले लोग उसके साथ थोड़ी फ़ुटबॉल खेलते हैं। जो बच गया, वह आगे दौड़ता है।

कुछ लोग कैमरामैन देखकर कट मारते हैं। अभी तक मुँह खुला था, साँस उखड़ रही थी, जीवन से मोह लगभग समाप्त हो चुका था। कैमरा दिखते ही सिबाका स्माइल।
बाद में वही तस्वीरों का पैकेज हज़ार रुपये में आता है।
लोग कहते हैं, भइया तुम्हीं रख लो। इतनी ख़ुशी भी नहीं हुई थी।
फिर आते हैं उत्साह बढ़ाने वाले लोग।
कोई आदमी थककर पैदल चलने लगा है तो उसे कुछ देर उसके हाल पर छोड़ देना चाहिए। उसने भी अपने शरीर से बातचीत करके ही यह निर्णय लिया होगा।
लेकिन नहीं।
“कम ऑन भाई! बस थोड़ा और!”
कहते हुए ये आगे निकल जाते हैं। पैदल चलने वाला प्रेरित होता है या खुन्नस खाता है, पता नहीं। कुछ दूर आगे वही “कम ऑन” खुद पैदल चलता मिल जाता है।
तब उसके पास से चुपचाप निकल जाना भी एक प्रकार का संयम है।
पहले मैं इन सब पर हँसता था। पैसे देकर भागने क्यों जा रहे हैं? सड़क पर भाग लो।
अब खुद पैसे देकर जाता हूँ। सड़क पर दौड़ने में अलग चिन्ता रहती है। पता नहीं किस बड़े आदमी के लड़के की गाड़ी पीछे से आ जाए। फिर आप कुछ दिन ट्रेंड करेंगे और लड़का निबन्ध लिखकर आगे बढ़ जाएगा। उससे अच्छा सुबह चार बजे उठकर अपनी मर्ज़ी से पैसे दे दो।
फ़िनिश लाइन पर हर प्रकार के भाव मिलते हैं। कोई रो रहा है। कोई घास पर पड़ा है। कोई अपने जूते ऐसे खोल रहा है जैसे इनसे अब कोई सम्बन्ध नहीं रखना।
कुछ लोग फ़िनिश करके वापस पीछे दौड़ जाते हैं। फिर से आते हैं। इस बार हाथ ऊपर हैं, चेहरा सही दिशा में है और दोस्त कैमरा लेकर तैयार है।
इक्कीस किलोमीटर दौड़ते हुए किसी तरह आ गए थे। आख़िरी बीस मीटर ढंग से दौड़ना भी तो ज़रूरी है।
कम ऑन भाई, बस थोड़ा और!
Comments
Leave a comment