Skip to content
← Back to the notebookHome
Passing Thoughts

20 डिग्री

A boy in pyjamas hesitates before a cold shower while a dog sleeps peacefully in the morning sunlight.

दिसम्बर पास आ रहा है। एसी आखिरकार बंद हो चुका है। सुबह नहाने से पहले तीस सेकंड तक शावर को देखने वाला मौसम आ गया है।

बाल्टी में सुविधा थी। पैर से शुरू कर सकते थे। शरीर को सूचना मिल जाती थी। शावर में हमला सीधे ऊपर से होता है। तो पहले थोड़ी प्रार्थना होती है। फिर विचार आता है कि कल ही तो नहाया था।

मुंबई में अब लोग बीस डिग्री पर जैकेट निकालेंगे और ठंड की घोषणा करेंगे। मेरा मन करता है इन्हें बताऊँ कि ठंड वह होती थी जब सुबह नौ बजे परीक्षा हो और हाथ पेन पकड़ने से मना कर दें। उत्तर आता था, बस उँगलियों तक पहुँच नहीं रहा था। बाइक पर हवा कपड़ों के सारे इंतज़ाम पार करके सीधे सीने में लगती थी।

खैर, दूर रहकर किसी चीज़ को सुन्दर बनाना आसान है। जब वह ठंड पड़ती थी तो बस मार्च का इंतज़ार रहता था।

रज़ाई के बाहर परीक्षा थी, उपस्थिति थी, भविष्य था। अन्दर इन सब पर थोड़ी देर बाद विचार किया जा सकता था।

फिर धूप निकलती थी। नारियल के तेल का डब्बा जम गया है। चलो, धूप में रखते हैं। साथ में खुद भी बैठ जाते हैं। बीच-बीच में हिलाकर देख लेते हैं। अभी नहीं पिघला। थोड़ा और बैठना पड़ेगा।

मटर भी वहीं छीली जाती थी। कुछ बर्तन में, कुछ मुँह में। सूरज नीचे जाते ही सारे काम अगले दिन के लिए टल जाते थे।

लड़कों का अगला स्नान मकर संक्रान्ति पर होता था। इतनी ठंड में बैक्टीरिया भी मर जाते होंगे। कहीं पढ़ा नहीं था, लेकिन हॉस्टल में सब मानते थे।

बाहर कुत्ते ठिठुरते मिलते थे। एक बोरा बिछा दो तो उस पर दो आकर बैठ जाते थे। मम्मी कहती थीं, अन्दर मत बुलाना।

फिर रात में खुद एक को बुला लेती थीं। कहती थीं, सुबह निकाल देना।

सुबह मैं रज़ाई में होता था। कुत्ता भी समझदार था। उठाने नहीं आता था।

Written by Harsh

I’ve been keeping these pages since 2008. Some posts are trips, some are poems, most are just life.

A little about me →

STAY A LITTLE LONGER