Skip to content
← Back to the notebookHome
Sports

42.2 किलोमीटर बाद

शादी से पहले दौड़ने-भागने में मुझे कोई रुचि नहीं थी। इसे मैं समय की बर्बादी समझता था। ख़ासकर मैराथन दौड़ने वाले लोग समझ में नहीं आते थे। इतनी दूर दौड़कर वापस वहीं पहुँच जाते हैं। क्या फ़ायदा?

फिर किसी ने बताया कि इन लोगों को कभी किसी कीड़े ने काट लिया था। इसका उपचार अभी तक किसी डॉक्टर को नहीं मिला है।

होता होगा भाई। अमीर लोगों के शौक़ हैं। मैंने सोचा और आगे बढ़ गया।

फिर इस कीड़े ने मुझे कब और कैसे काट लिया, ठीक से पता नहीं चला।

सृष्टि खेल-कूद में काफ़ी आगे थी। उसने बताया कि वह फ़ुल मैराथन दौड़ चुकी है। मैं जीवन में एक बार 10 किलोमीटर दौड़ा था। फ़िनिश लाइन पर ऐसा गिरा था कि लगा नहीं था दोबारा उठ पाऊँगा। 42 किलोमीटर तो सपने में भी नहीं सोच सकता था।

बड़े RUN चिन्ह के सामने सृष्टि की तस्वीर।

पर एक कीड़ा मेरे अन्दर भी बचपन से था। प्रतियोगिता का।

पूरा ससुराल ही दौड़ने-भागने में आगे है। कभी-कभी वक़्त फ़िल्म वाले बोमन ईरानी याद आते हैं। बेटी रनिंग चैंपियन थी, इसलिए भागकर शादी की। मंडप, दूल्हा-दुल्हन, पंडित, बाराती—सब भाग रहे थे। फेरे भी भागकर ही लिए। वह ख़ुद नहीं जा पाए, क्योंकि घुटनों में दर्द था।

ख़ैर, मुझे प्रतियोगिता का कीड़ा काट चुका था। विचार-विमर्श की अब कोई गुंजाइश नहीं थी। बैडमिंटन में सृष्टि को हरा चुका था। अब बारी दौड़ की थी।

ऐसा नहीं था कि शुरू से 42 का लक्ष्य था। 10 में ही हराकर सुख की प्राप्ति हो गई थी।

फिर किसी दिन एक किताब हाथ आ गई—The Power of Manifestation। लेखक का कहना था कि किसी चीज़ के पीछे दिमाग़ पूरी तरह लगा दो तो वह हो जाएगी। अलकेमिस्ट में भी लगभग ऐसी ही बात कही गई थी।

एक दिन भक्ति पार्क में दौड़ते समय सोचा, 10 को 12 क्यों न किया जाए। 12 हुआ तो लगा 15 कर लेते हैं। 15 हुआ तो सोचा 21 कर लूँ, एक मील का पत्थर छू लूँगा। बाद में 21 करना हुआ तो फिर से 15 किलोमीटर भागना पड़ेगा।

पंजाबी गाने सुनते हुए और 21 के बाद मिलने वाले शो-ऑफ़ के अवसर के बारे में सोचते हुए दौड़ गया।

यह तो बाद में पता चला कि हाइड्रेशन भी कुछ होता है। एनर्जी जेल होता है। रनिंग का 10 प्रतिशत वाला नियम होता है। इलेक्ट्रोलाइट नाम की चीज़ होती है। पचहत्तर प्रकार के जूते आते हैं। और भी ऐसी हज़ार चीज़ें होती हैं।

क्लॉड भइया को अपना कोच बनाया और 21 के बाद टाटा मुंबई मैराथन 2026 की तैयारी शुरू कर दी।

जोश था। एक लक्ष्य दिख रहा था। तैयारी भी ज़ोर-शोर से की। इस बार सब कुछ किताब के हिसाब से किया।

जनवरी 2026। सुबह के 4 बजे। CST।

शुरू के 11 किलोमीटर का कुछ अन्दाज़ा था। नेवी हाफ़ मैराथन में यही रास्ता था। उसके बाद सब नया था। सी लिंक पर दौड़ने को मिलेगा, इसका उत्साह था। कोस्टल रोड क्यों जोड़ दिया, इसकी थोड़ी निराशा थी।

5 घंटे का लक्ष्य लेकर आया था। अनुभवी रनर कह रहे थे कि कोस्टल रोड 10-15 मिनट और जोड़ देगा।

एक तरफ़ मन कह रहा था कि बस पूरा कर लो, वही ज़रूरी है। दूसरी तरफ़ कह रहा था कि शुरू होने से पहले ही लक्ष्य के साथ मोल-भाव करने लगे। कुछ शर्म करो।

शुरुआत काफ़ी धीरे की। इससे पहले सबसे ज़्यादा 32 किलोमीटर दौड़ा था। उसके बाद शरीर क्या करेगा, इसकी कोई जानकारी नहीं थी।

मरीन ड्राइव से बाबुलनाथ की तरफ़ मुड़ते हुए 5 किलोमीटर हो चुके थे। अभी तक सब बढ़िया था। शायद ही कोई हिस्सा ऐसा आया हो जहाँ लोग उत्साह बढ़ाने के लिए खड़े न हों। हर जगह पार्टी चल रही थी। अलग ही माहौल था।

बाबुलनाथ के बाद यह सब थोड़ा कम हुआ। लगा कि चलो, अब दौड़ पर ध्यान दे दो।

अपनी धुन में भागता रहा। पेडर रोड से पहले 3 छोटी चढ़ाइयाँ और ढलानें आईं। क्यों बनाई हैं ये चढ़ाइयाँ? सीधा ही रहने देते। सोचा घर जाकर देखूँगा किस अंग्रेज़ का काम था।

पेडर रोड निकल गया। अभी उस पर ज़्यादा ध्यान नहीं दिया। सुन रखा था कि वापसी में यह कुछ ऐसा दिखाएगा जिसकी अभी कल्पना भी नहीं कर सकते।

हाजी अली से होते हुए कोस्टल रोड पर पहुँचे। हल्की-हल्की पौ फटने लगी थी। आसमान में लाल और नारंगी रंग फैल रहे थे। अच्छी हवा चल रही थी। दौड़ने में आनन्द आ रहा था। सब अपनी धुन में आगे बढ़ रहे थे।

सी लिंक आते-आते रोशनी हो चुकी थी। पहला एनर्जी जेल ले लिया था। मांसपेशियाँ फिर से तरोताज़ा लग रही थीं।

बग़ल से एक-दो एम्बुलेंस गुज़रीं। लगा कि कहीं हमें ठोककर हमें ही भरकर न ले जाएँ।

सी लिंक सच में कब ख़त्म हुआ, पता ही नहीं चला। उससे मुड़कर लगभग 1 किलोमीटर आगे हाफ़ मैराथन वाला बिन्दु आ गया।

आधा हो चुका था।

वहाँ एक स्टॉल से बर्फ़ उठाई। धूप अब ऊपर आ रही थी। खाना-पीना भी ज़ोरदार तरीक़े से शुरू कर दिया था। साथ में यह चिन्ता थी कि कहीं लघुशंका या दीर्घशंका का सामना न करना पड़ जाए।

मन में अगला हिस्सा तय कर लिया—अब सिद्धिविनायक तक पहुँचना है।

यह थोड़ा उबाऊ रास्ता था। लोग धीरे-धीरे आगे बढ़ रहे थे। दौड़ हम यहाँ रहे थे, लेकिन मन पेडर रोड पहुँच चुका था। वह चढ़ाई जो 34-35 किलोमीटर के आसपास आएगी।

यही सोच रहा था कि बग़ल से कुछ उड़ता हुआ निकला।

कुछ अफ़्रीकी रनर बिजली की रफ़्तार से आगे बढ़ गए। जिस गति से वे दौड़ रहे थे, उस पर मैं 1 किलोमीटर भी नहीं दौड़ पाऊँ। कैसे कर लेते हैं, इसका केवल अनुमान लगा सकता था। शायद वह भी नहीं कर सकता था।

फिर भी लगा कि जीवन में कुछ तरक़्क़ी हुई है। पहले तो अनुमान भी नहीं लगा सकता था।

पेडर रोड के बारे में इतना सोच लिया था कि कोस्टल रोड को भूल ही गया।

भाई, फिर चढ़ो कोस्टल रोड।

अब लगभग 32 किलोमीटर हो चुके थे। इसके आगे हर मीटर मेरी ज़िन्दगी का नया पर्सनल बेस्ट था। 5 घंटे का लक्ष्य सुबह के सूरज के साथ जा चुका था।

दौड़ना, चलना। दौड़ना, चलना।

अब विद्यालय की प्रार्थना का सहारा था।

हमको मन की शक्ति देना, मन विजय करें।
दूसरों की जय से पहले, ख़ुद को जय करें।

ख़ुद को जय करता हुआ आगे बढ़ता रहा।

कोस्टल रोड निकला। वहाँ डीजे लगा हुआ था। गाने सुनकर थोड़ा उत्साह बढ़ा। अपने इयरफ़ोन काफ़ी पहले निकाल दिए थे। वे अब शोर लग रहे थे।

दौड़ते हुए लोगों में एक अलग-सी सामूहिक ऊर्जा थी।

लोग कई टुकड़ों में बँट गए थे। लगभग एक गति से चलने वाले झुंड साथ हो गए थे। अब एक आदमी नहीं दौड़ रहा था। एक झुंड दौड़ रहा था।

सब बिना कुछ कहे, बिना एक-दूसरे की बात सुने, एक-दूसरे को प्रेरणा दे रहे थे।

अरे, ये लोग भी चल रहे हैं। चलने में कोई बुराई नहीं है।

वह बैठ गया। उम्मीद है उठ जाए और पूरा कर ले।

वह देखो, एक बच्चा दौड़ रहा है। अभी इस उम्र में यह सब सीखना कितना अच्छा होगा।

इन्हीं छोटी-छोटी कहानियों के धागों से अपनी रेस बुनते हुए सब आगे बढ़ रहे थे।

पर ख़बरदार। आप थकने के बाद भी आनन्द ले रहे हैं। ऐसा कैसे हो सकता है?

सामने पेडर रोड की चढ़ाई खड़ी थी।

मामा जी यहाँ रहते थे। कॉलेज के दिनों में काफ़ी आता था। पिताजी का ऑफ़िस भी यहीं था। कभी सोचा नहीं था कि पेडर रोड से रिश्ता इस तरह बदलेगा।

कहने में कोई शर्म नहीं है कि मेरी सारी ख़ुशी और सारा दर्शनशास्त्र यहीं पस्त हो गया।

मन कर रहा था कि अब बचा हुआ रास्ता पैदल ही निकाल दूँ। फिर ख़ुद को समझाया कि आगे का आगे देखेंगे। अभी बस पेडर रोड पार करना है। और वह भी पैदल।

ख़त्म करना प्राथमिकता है।

लोग हर तरफ़ खड़े थे। कोई केला लिए था, कोई बिस्कुट। कोई सन्तरे और खजूर दे रहा था। कुछ खाने की हिम्मत नहीं हो रही थी। 4 एनर्जी जेल और असंख्य बार पानी, इलेक्ट्रोलाइट तथा दूसरी खाने-पीने की चीज़ें ले चुका था।

सारा पानी पसीना बनकर बह रहा था। मैं एक क़दम के बाद दूसरा क़दम रख रहा था। मन में रश्मिरथी की कृष्ण की चेतावनी दोहराए जा रहा था।

चलते-फिरते, रोते-गाते पेडर रोड ख़त्म हुआ। लेकिन इस हिस्से ने बची हुई ऊर्जा भी ख़त्म कर दी थी।

अब आख़िरी 5-6 किलोमीटर और मेरी आख़िरी रणनीति बची थी।

सौ क़दम दौड़ो। सौ क़दम पैदल।

मेट्रो के शेड कितने क़दमों में पार होते हैं, यह गिन रहा था। मरीन ड्राइव के दो पेड़ों के बीच कितने क़दम हैं, यह गिन रहा था।

सौ क़दम दौड़ते हुए लगता कि जल्दी ख़त्म हों ये सौ क़दम।

सौ क़दम पैदल चलते हुए लगता कि इतना सुख है। काश ये सौ क़दम कभी ख़त्म न हों।

इसी तरह ख़ुद को खींचते हुए घड़ी ने बताया कि 42.2 किलोमीटर हो गए हैं।

पर कैसे?

बग़ल के बोर्ड पर लिखा था—1 किलोमीटर और।

यह नहीं करना चाहिए था। अन्याय है। हमारी भावनाओं से क्यों खेला जा रहा है?

टाइम डाइलेशन का इससे अच्छा उदाहरण नहीं मिल सकता। वह आख़िरी 1 किलोमीटर अपने आप में एक अलग मैराथन था।

फ़िनिश लाइन दिखने लगी तो लगा जैसे किसी ने गुरुत्वाकर्षण एकदम बढ़ा दिया हो। इंटरस्टेलर की पहाड़ जैसी लहरें याद आने लगीं। पैरों में पत्थर बँध गए।

एक-दो-एक। एक-दो-एक।

ऐसा करते हुए मैं बढ़ता गया। और फ़िनिश लाइन क्रॉस करते ही वहीं गिर गया।

उपनिषदों में कहा गया है—आपके मन में विचार अगर तेज़ी से आ-जा रहे हैं तो आप एक आम इंसान हैं। अगर धीरे-धीरे आ-जा रहे हैं तो आप एक साधु हैं। और अगर कुछ विचार नहीं हैं तो आप ईश्वर हैं।

फ़िनिश लाइन के बाद अगले 5-10 सेकंड अन्दर जैसे ईश्वर आ गए थे। मन एकदम शून्य था। अपार शान्ति—कोई ख़ुशी नहीं, कोई दर्द नहीं, कोई उल्लास नहीं। बस एक असीम शान्ति।

इसके बाद मैं उठा। धीरे-धीरे सब समझ में आया। तबीयत थोड़ी ख़राब-सी लग रही थी, पर अब पूरा करने की ख़ुशी एकदम से पूरे शरीर में आई।

नाश्ता करने बैठता तो उठ नहीं पाता। फोटो खिंचवाने रुकता तो आगे नहीं बढ़ पाता।

अगले 48 घंटे दर्द में गुज़रे। लेकिन हर दर्द याद दिला रहा था—शाबाश। कर दिया तुमने।

दो मेडल मिले।

एक मैराथन पूरी करने के लिए। दूसरा अपने प्रेरणास्रोत को देने के लिए।

वह मेडल सृष्टि को दिया।

टाटा मुंबई मैराथन 2026 के बाद सृष्टि के साथ, दोनों के हाथ में मेडल।

प्रतियोगिता कहिए। प्रेरणा कहिए। शुरुआत में जो भी रहा हो, यह ज़िन्दगी का एक ऐसा अनुभव बन गया जो साथ रहेगा।

अब पीछे मुड़कर अपना पुराना सवाल देखता हूँ। दौड़कर वापस वहीं आना है तो दौड़ते क्यों हो?

उस 42 किलोमीटर की दौड़ में पहले से दौड़े हुए कई 20 किलोमीटर शामिल थे। दो-तीन 30 किलोमीटर भी। महीनों का अभ्यास था। खाना था। नींद थी। बीच-बीच में अपने शरीर के साथ बातचीत थी।

यह भी सीखा कि कार्ब्स क्या करते हैं। ग्लाइकोजन क्या करता है। शुगर क्या करती है। अपना शरीर रसायन विज्ञान की किताब बन गया था। 6 महीने तक उसे मन्दिर की तरह रखकर तैयारी की थी।

रेस के दिन भी हर किलोमीटर कुछ सिखाकर गया। सामूहिक चेतना के बारे में पढ़ा था। पहली बार उसे महसूस किया।

फ़िनिश लाइन बस हिसाब रखने की एक जगह थी।

मैं अब समझ गया था कि ये लोग दौड़ते क्यों हैं।

Written by Harsh

I’ve been keeping these pages since 2008. Some posts are trips, some are poems, most are just life.

A little about me →
Leave a comment

Your name and approved comment will be public. No email address is collected.

STAY A LITTLE LONGER