बदहवास सा वक्त दबे पांव मेरे कमरे में आया, ठिठका, और मेरी मेज़ पर रखे लैपटॉप को घूरने लगा। मैंने पूछा - "क्यों भाई, इतनी हड़बड़ी में कहाँ?" वो बोला "कुछ नहीं" । बस घड़ी की सुइयों पर बैठ गया और टांगें हिलाने लगा।
मैंने सोचा बैठे-बिठाए मेहमान से क्या काम लिया जाए। एक एक्सेल शीट खोली और कहा - "लो भाई, ज़रा इसमें पिछले महीने के खर्चे जोड़ दो, फ़ॉर्मूला लगा देना, VLOOKUP भी कर देना अगर मन करे।" वक्त का दिमाग़ चकरा गया। बेचारा सदियों से नदियों में बहता आया था, सूरज के साथ उगता-डूबता आया था, और आज पहली बार उसे सेल B7 में फँसना पड़ा। उसने मुझे ऐसे देखा जैसे मैंने उसकी सबसे बड़ी तौहीन कर दी हो।
खैर, मैंने खिड़की की तरफ़ देखा। गौरैया तार पर बैठी अपने पंख ठीक कर रही थी, मानो किसी ज़रूरी मीटिंग में जाने की तैयारी हो। नीचे मेरा खरगोश बाहर बैठी गिलहरी को बड़े ध्यान से देख रहा था, और मुझे एक अजीब ख़याल आया - दोनों देखने में एक ही कुनबे के लगते हैं, दोनों को लोग खिलाते हैं, फ़ोटो खींचते हैं, रील बनाते हैं। चूहा भी तो इसी बिरादरी का है, पर उसे देखते ही झाड़ू उठ जाती है। क्यों भाई, ये कैसी नाइंसाफ़ी?
सोचिए ज़रा, गिलहरी अगर किसी कंपनी में इंटरव्यू देने जाए तो बिना रिज़्यूमे के नौकरी पक्की। बेचारा चूहा PhD करके आए, थीसिस बग़ल में दबाए, तो भी रिसेप्शन से ही लौटा दिया जाए - "सॉरी, आपकी प्रोफ़ाइल हमारे कल्चर से मैच नहीं करती।"
तब तक वक़्त ने एक्सेल शीट बंद कर दी थी, और मेरे पास आ के बैठ गया था। हम दोनों यूँ ही बैठे रहे - न कोई मक़सद, न कोई सोच, न कोई जल्दी। आज AC चलाने का मन नहीं था। आज तो मन कर रहा था कि इस गर्मी में ही घुल जाऊँ, इसी में मिल जाऊँ। बाहर दोपहर अपनी पूरी सुस्ती में पसरी थी, कहीं दूर कोई पंखा घरघरा रहा था, और खिड़की से आती गरम हवा में वो पुरानी जानी-पहचानी ऊब घुली थी जो बचपन की छुट्टियों में हुआ करती थी - जब माँ दोपहर को सुलाने की कोशिश करती और हम नीचे से छत के पंखे को घूमते देखते रहते। बस देखते रहते। एक चक्कर, दो चक्कर, तीन - गिनती कब छूट जाती पता ही न चलता।
वक्त के साथ वक्त बिताने में एक अजीब सा सुकून मिल रहा था। थोड़ा ठहरने का मन सा कर रहा था।
वक्त