काफी वक़्त बीत गया बात किये हुए,
आजकल मुलाक़ात नहीं होती
अलमारी से झांकती हुई किताबो ने
मुझे देख कर आज फिर से शिकायत की
बात करना तो चाहता हूँ उनसे
पर क्या जवाब लिखू समझ नहीं आता
कैसे समझाऊ की बात रोकी नहीं थी, रुक गई थी
दिन कब हफ्तों में, हफ्ते कब महीनो में तब्दील हो गए
मैं समझ नहीं पाया
तुम अगर समझ पाए हो
तो मुझे भी समझा दो
सोचा था मिल कर बातें साफ़ कर दूंगा
पर समय बढ़ता गया,
समझ और हिम्मत कम होती गयी
आते जाते अक्सर तुम्हे देखा करता था पहले
पर धीरे धीरे वो नज़र भी मैं चुराने लगा
लगता था की तुम शिकायत करोगे
जवाब देने के लिए मैं तैयार नहीं था
बच के निकल जाना मुझे आसान लगा
कल कई दिनों बाद हिम्मत जुटा के तुम्हारे पास आया
उन पन्नो को पलटते हुए वक़्त मुझे वक़्त में कहीं दूर ही ले गया
एक दूसरा इंसान उस किताब को पढता हुआ नज़र आया मुझे
किसी दूसरे नज़रिये से, किसी दूसरी चाहत से
वो इस किताब में कुछ और ढूंढ रहा था, और मैं?
मुझे नहीं पता मैं इसमें क्या ढूंढ रहा हूँ
उम्मीद है की सफर में कहीं ये एहसास हो जाए,
और जिसे ढूंढ रहा हूँ उस वजह से मुलाक़ात हो जाए
शिकायतें, कहानियां, बहुत कुछ सुनना है तुमसे
बहुत कुछ समझना है तुमसे
वक़्त को कुछ और वक़्त देना है मुझे
तुमसे बहुत कुछ कहना है मुझे
किताबें और दोस्ती