Skip to content
← Back to the notebookHome
Odds & Ends

अंतिम ऋण

छह मासों की नींद तजी जब, उठा लंका का बलवान,

करवट ली तो धरती काँपी, उठा सागर में तूफ़ान।

हुंकार से नभ गूँज उठा, लंका में हाहाकार मचा,

जिस ओर चला फिर कुम्भकर्ण, उस ओर था संहार मचा।


आया सम्मुख अनुज विभीषण, आँखों में संताप लिए,

एक खड़ा था राम-पक्ष में, एक कुल का अभिशाप लिए।

दोनों भाई मिले तो मानो, समय ठहर-सा आया था,

कुम्भकर्ण ने देखा उसको, क्रोध नयन में छाया था।


कुम्भकर्ण -

तू आज यहाँ क्यों आया है, क्यों मुझसे आँख मिलाता है,

जिस कुल में जन्मा, पला, बढ़ा, उससे ही पीठ फिराता है।

जब लंका पर संकट आया, तू राम-शिविर में जा बैठा,

जब भाई को थी आस तेरी, तू शत्रु से हाथ मिला बैठा।


था दोष अगर दशानन का, तू सौ-सौ बार समझाता उन्हें,

था क्रोध अगर अपने भ्राता से, तो सम्मुख खड़ा सुनाता उन्हें।

तू घर की पीड़ा कहने को, शत्रु से रिश्ता जोड़ चला,

जिस लंका ने सब कुछ सौंपा, उससे ही मुँह मोड़ चला।


तू नीति पढ़ा करता था नित, तू धर्म पढ़ाया करता था,

कर्तव्य की बातें करता था, मर्यादा समझाया करता था।

पर ये कैसा धर्म निभाया, अपनों से नाता तोड़ दिया,

क्या सत्य बचाने निकला था, या संकट में घर छोड़ दिया?


मैं मानता हूँ कि भैया से भारी एक अपराध हुआ,

उनके हठ और अभिमान से ही, स्वर्ण-नगर बर्बाद हुआ।

पर एक भूल के कारण से, क्या रक्त पराया होता है,

जब कुल पे संकट आता है, क्या भाई चैन से सोता है?


आज शत्रु खड़ा है द्वारे पर, कल लंका धूल हो जाएगी,

जिस नगरी में हम साथ पले, कल रक्त से वो नहाएगी।

अपने ही कुल की जलती चिताएँ, जब तू सम्मुख पाएगा,

तब राम के पीछे खड़ा-खड़ा, कैसे खुद से नज़र मिलाएगा?


मैं जान रहा हूँ रावण ने मर्यादा को ठुकराया है,

मैं जान रहा हूँ जानकी हर, संकट स्वयं बुलाया है।

ना पाप छुपाने आया हूँ, ना झूठा धर्म बताऊँगा,

पर ज्येष्ठ मेरा रण में है, मैं उसका साथ निभाऊँगा।


मैं जान रहा हूँ राम कौन, मैं उनका तेज समझता हूँ,

इस रण का जो अंत लिखा है, उसको भी मैं पढ़ता हूँ।

मैं विजय माँगने नहीं चला, ना प्राणों की आस लिए,

बस भाई के संग खड़ा रहूँ, यह अंतिम अभिलाष लिए।


विभीषण ने फिर ठहर कहा

तुम रक्त की बातें करते हो, मैं रक्त बचाने निकला था,

तुम कहते घर संकट में है, मैं वही बचाने निकला था।

सबसे पहले मैंने ही तो, भैया को यह समझाया था,

जिस सीता को हर लाए हो, संग उनके काल भी आया था।


मैं हाथ जोड़कर कहता था, जानकी को लौटा दो,

मैं चरण पकड़कर कहता था, इस ज़िद को यहीं मिटा दो।

मैं युद्ध रोकना चाहता था, वह युद्ध बुलाते जाते थे,

मैं धर्म बचाना चाहता था, वह अधर्म को अपनाते थे।


तुम कहते हो मैं छोड़ गया, मैं अंतिम क्षण तक साथ रहा,

जब पूरी सभा थी मौन खड़ी, बस मेरा ही स्वर गूँज रहा।

जब सत्य बोलना दोष हुआ, तब सत्य सुनाया करता था,

जब रावण क्रोध दिखाता था, मैं धर्म बचाया करता था।


क्या भाई होने का अर्थ यही, हर पाप छुपाना होता है,

क्या प्रेम जताने की ख़ातिर, अपराध निभाना होता है?

अगर ज्येष्ठ स्वयं विष पीता है, क्या अनुज भी विषपान करे,

गर ज्येष्ठ अधर्म की राह चले, क्या छोटा उसका मान करे?


जिस दिन वो सीता हर लाए, उसी दिन युद्ध बुलाया था,

राम स्वयं लंका ना आए, दशानन उन्हें यहाँ लाया था।

जो समझें राज्य का लोभी मुझे, सिंहासन से सरोकार नहीं,

अधर्म की राह से जो मिले, वो मुकुट मुझे स्वीकार नहीं।


तुम ही बोलो भैया मेरे, जब सत्य तुम्हें भी ज्ञात हुआ,

तुमने भी तो माना है, दशानन से अपराध हुआ।

फिर उसी अधर्म की रक्षा में क्यों शस्त्र उठाकर चलते हो,

जिस पथ को स्वयं ग़लत कहा, उस पथ पर फिर क्यों बढ़ते हो?


कुम्भकर्ण कुछ पल मौन रहा, फिर मुस्काकर बोल उठा

तू आज भी वैसा है अनुज, जो सत्य सुनाया करता था,

मैं क्रोध दिखाया करता था, तू फिर समझाया करता था।

मैंने भी उनको रोका था, ये हठ लंका को खाएगा,

मैंने भी उनको टोका था, ये पूरा कुल कट जाएगा।

सीता को लौटा दो भैया, श्रीराम से माँगो क्षमा-दान,

पर जिसके सिर अभिमान चढ़ा, वो कब सुनता है कोई ज्ञान।


पर सुन छोटे -

जब सारा जग हो साथ खड़ा, तब साथ सरल हो जाता है,

जब राजमुकुट सिर पर चमके, हर भाई संग में गाता है।

पर सारी दुनिया छोड़ चले, जो फिर भी साथ निभाता है,

विपदा में जो हाथ न छोड़े, वो ही भाई कहलाता है।


जिस रावण के दस शीशों पर, सोने का मुकुट सुहाता था,

जिसके सम्मुख देवों का भी, मस्तक झुक-झुक जाता था,

आज उसी के पाप बचाने, मैं शस्त्र उठाने नहीं चला,

सीता-हरण को धर्म बताकर, सच झुठलाने नहीं चला।


हाँ, रावण दोषी है अनुज, तो दोषी ही कहलाएगा,

हाँ, राम अगर भगवान स्वयं, तो उनसे मुक्ति पाएगा।

हाँ, उसके कर्मों का फल उसे रणभूमि में मिल जाएगा,

पर अंतिम साँस तलक ये भाई, भाई का साथ निभाएगा।


तू धर्म हेतु घर छोड़ गया, मैं घर हेतु संसार तजूँ,

तू राम-चरण में शीश धरे, मैं रण में अपना शीश धरूँ।

तू सत्य निभा अपने पथ पर, मैं अपना वचन निभाऊँगा,

तू राम के संग जीवित रह, मैं रावण संग मर जाऊँगा।


तब विभीषण बोला

तुम जान रहे परिणाम स्वयं, फिर मृत्यु क्यों अपनाते हो,

जिस भाई को रोक नहीं सकते, उसके संग क्यों मिट जाते हो?

तुम जीवित रहो तो लंका के, सारे ही घाव भर जाएँगे,

तुम राम-शरण में आ जाओ, कितनों के जीवन बच जाएँगे।


कुम्भकर्ण का स्वर गूँज उठा

बस अनुज! मेरे भावों को तू अहंकार न कह,

चाहे निर्णय को मोह बता, पर प्रेम को व्यापार न कह।

ना राज्य की, ना यश की, ना विजय की मुझे अभिलाषा है,

जिस पथ पर मैं चल निकला हूँ, बस वचन निभाने की आशा है।


तू धर्मवीर कहलाएगा, संसार तेरा गुणगान करे,

ऋषि-मुनि तेरे सत्य को गाएँ, युग-युग तेरा सम्मान करे।

पर जब भी तेरी कथा चलेगी, एक प्रश्न सदा उठ आएगा,

जो अपने ही कुल से द्रोह करे, वो 'विभीषण' कहलाएगा।

जग कहेगा धर्म चुना तूने, पर साथ यही दोहराएगा,

'घर का भेदी लंका ढाए', इतिहास यही बतलाएगा।


तू मुझे बचाना चाहता है, मैं तेरा प्रेम समझता हूँ,

तू क्यों गया था राम-शरण, मैं तेरा भाव समझता हूँ।

तू मेरा पथ मत चुन अनुज, मैं तेरा पथ न रोकूँगा,

तू धर्म निभाना अंत तलक, मैं अपना धर्म न तोड़ूँगा।


अश्रुधार लिए विभीषण बोला

एक भाई मेरा मद में डूबा, दूजा मृत्यु बुलाता है,

एक मेरी कोई बात न माने, दूजा मुझको समझाता है।

किस धर्म की रक्षा करूँ भला, जब घर ही मुझसे रूठ रहा,

मैं राम-शरण में खड़ा सही, पर रक्त तो मेरा छूट रहा।


कुम्भकर्ण की आँखें सजल हुईं

तू रो मत छोटे, आज मुझे यूँ दुर्बल करके विदा न कर,

बस एक वचन दे दे मुझको, पथ को इतना कठिन न कर।

आज अगर मेरा शीश, राम के बाणों से कट जाएगा,

रणभूमि की धूल में जब ये तन, अंतिम बार समाएगा,

मत कहना पाप बचाने को, कुम्भकर्ण यहाँ आया था,

कहना रण में भाई था उसका, वो उसे बचाने आया था।


जिस दिन दशानन रण में गिरें, तू उनके पास चला जाना,

उस देह में राजा मत ढूँढ़ना, अपने भाई को गले लगाना।

मुझको भी भैया के समीप ही, तू कहीं पड़ा पाएगा,

अग्नि देने आ जाना अनुज, क्योंकि बस तू ही बच जाएगा।


अब जा विभीषण, रण का नगाड़ा, मुझको बार-बार पुकार रहा,

श्रीराम धनुष लिए खड़े हैं, द्वार पर काल निहार रहा।

तू अपने धर्म पर अडिग रहना, ये आशीष दिए जाता हूँ,

अब भ्राता ना रोक मुझे, मैं अंतिम ऋण चुकाता हूँ।


पीछे विभीषण मौन खड़ा, आँखों से आँसू बहते थे,

शब्द समाप्त हुए दोनों के, अब केवल निर्णय रहते थे।

एक ओर धर्म की कठिन डगर, एक ओर रक्त का नाता था,

दोनों के बीच रणभूमि में, एक युग ठहर-सा जाता था,

जो मौन खड़ा, हर पीढ़ी से, बस प्रश्न यही दोहराता था।

दोनों में कौन सही था, ये कोई समझ न पाता था।

Written by Harsh

I’ve been keeping these pages since 2008. Some posts are trips, some are poems, most are just life.

A little about me →

STAY A LITTLE LONGER