Skip to content
← Back to the notebookHome
Poems & Stories

अंतर्द्वंद - भाग ३ - शून्य

शून्य

इशांत के गायब होने के बाद, अरणव के पास कोई जवाब नहीं था। पुलिस रिपोर्ट दर्ज कराई, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।

कमरा नंबर 106 अब खाली था — बाहर से।
भीतर, अरणव की दुनिया लड़खड़ा चुकी थी।

अब वो हर रात सपनों में इशांत को देखता था —
वही आँखें, वही मुस्कान, वही लहजा... लेकिन अब वो इंसान नहीं, कुछ और था।

वो हर रात उसे नज़र आता, ये कहते हुए:

“तू अगला है। अब तेरी बारी है।”

घात

अरणव ने शराब को छुआ नहीं, लेकिन तब भी ब्लैकआउट्स हो रहे थे।

उसने खुद को एक बार बेसमेंट में पाया — बगल में कुल्हाड़ी पड़ी थी, और सामने दीवार पर लिखा था:

"दरवाज़ा खोलो... बाहर मैं हूँ।"

कभी-कभी वो अपनी ही डायरी में ऐसे पन्ने पाता जो उसने नहीं लिखे होते।
“मुझे बस एक शरीर चाहिए। तुम आप छोड़ दो।”
“अब मेरी नींद पूरी हो चुकी है।”

आईना

एक दिन आईने में उसे कुछ और ही नज़र आया।

आईने में जो अरणव था, वो अब हिल नहीं रहा था। असली अरणव हिला... लेकिन उसका प्रतिबिंब नहीं।

आईने वाला अरणव मुस्कराया और कहा:

“बहुत भाग लिए। अब क्या करोगे? ये शरीर तो हम दोनों का है। चलो, आधा-आधा बाँट लेते हैं।”

अरणव चीखा, भागा, दरवाज़े से टकराया।
लेकिन उसकी आवाज़ सिर्फ उसके भीतर गूँज रही थी। बाहर कोई नहीं सुन रहा था।

डायरी

इशांत की एक पुरानी फाइल अरणव को मिली — एक डायरी।
उसमें लिखा था:

“मुझे अब यकीन हो गया है कि हम जो शराब पीते हैं, वो सिर्फ नशा नहीं है... उससे हमारे अंदर का कोई और ही रूप बाहर आ रहा है।
हर बार जब हम पीते हैं, हम अपने भीतर किसी और को खाना दे रहे होते हैं।
और एक दिन... वो हमसे ज़्यादा ताक़तवर हो जाता है।”

“अगर मैं गायब हो जाऊँ... तो समझ जाना, मैं इस दुनिया मैं मौजूद तो हूँ, पर ज़िंदा नहीं।”

शुद्धि

अरणव ने खुद को घर में बंद कर लिया।

  • सारे शीशे तोड़ दिए।
  • सारे चाकू, औज़ार, और दवाइयाँ बाहर फेंक दीं।
  • खुद को एक कमरे में बंद कर लिया — सिर्फ दीवारें और एक टेप रिकॉर्डर।

उसने हर दिन खुद से एक सवाल रिकॉर्ड करना शुरू किया:

“तुम कौन हो?”
“तुम अरणव हो या तुम वो हो जो अरणव को मिटाना चाहता है?”

लेकिन धीरे-धीरे उसकी आवाज़ बदलने लगी।

रिकॉर्डिंग में वो हँसने लगा।

और एक रात...

रिकॉर्डर में किसी और की आवाज़ आई।

“अब सवाल मत पूछो, बस दरवाज़ा खोल दो। तुम थक गए हो। मुझे जीने दो।”

टकराव

अरणव ने एक आख़िरी बार नशा किया — इस बार लड़ने के लिए, हारने के लिए नहीं।

वो बोतल लेकर आईने के सामने बैठा।
“चल निकल, आ सामने।”

वो आया।

अब अरणव अपने ही भीतर अपने दूसरे रूप से बात कर रहा था।
उसे पता था, ये युद्ध तर्क का नहीं, वजूद का था।

“मैं तुमसे डरता नहीं अब।”
“झूठ। डर ही तुम्हारा खाना है।”
“मैं तुम्हे और खाना नहीं दूँगा।”
“तुम तब तक ज़िंदा हो जब तक मैं हूँ।”

अचानक — आईना फूटा। शीशे के पीछे से वही चेहरा निकला।

अरणव ने बोतल से खुद की हथेली काट दी —
“अगर तुम मेरे खून में है, तो मैं तुम्हे बाहर बहा दूँगा।”

निर्णय

सुबह जब धूप कमरे में आई, तो सब शांत था।

आईना टूटा हुआ, बोतलें खाली, और फर्श पर खून की लकीरें।

मगर बीच में बैठा अरणव, शांति से सांस ले रहा था।

उसकी आंखों में नींद थी। लेकिन डर नहीं।

भाग ३ समाप्त।

Written by Harsh

I’ve been keeping these pages since 2008. Some posts are trips, some are poems, most are just life.

A little about me →

STAY A LITTLE LONGER