Skip to content
← Back to the notebookHome
Poems & Stories

अंतर्द्वंद - भाग २ - समर

झूठे दिन, सच्ची रातें

अब दिन नकली लगने लगे थे। अरणव सुबह उठता, ब्रश करता, नाश्ता बनाता, क्लास के लिए निकलता — लेकिन सब कुछ एक स्क्रिप्ट की तरह लगता। जैसे वो सिर्फ अपना किरदार निभा रहा हो।

रात को, जब शराब गले से नीचे उतरती थी, तब कुछ असली लगता था। लेकिन अब वो नशा डराने लगा था।

इशांत भी बदल रहा था। पहले वो मजाक किया करता था, अब देर तक चुप रहने लगा था। उसकी आंखों में एक बेचैनी थी — जैसे वो किसी से छिप रहा हो।

एक दिन, इशांत ने कहा:

“तूने कभी ऐसा महसूस किया है कि... जैसे कोई तुझे अंदर से कंट्रोल कर रहा है?”

अरणव ने सिर हिलाया।

“रोज़... और आजकल तो अक्सर मुझे समझ में नहीं आता मैं कौन हूँ।”

डर

अरणव ने खुद को समझने के लिए एक तरकीब निकाली —
रात में अपने कमरे में कैमरा ऑन रखता, ताकि अगली सुबह देख सके कि उसने क्या किया।

तीन रात कुछ खास नहीं हुआ।

लेकिन चौथी रात की रिकॉर्डिंग...

...उसने खुद को देखा — अलमारी के सामने खड़ा, शर्ट उतारे, आईने से बात करते हुए।
उसकी आवाज़ भारी थी, जैसे कोई और बोल रहा हो।

“मुझे बाहर निकालो... यहां मुझे घुटन हो रही है।”

फिर वो मुड़ता है, सीधे कैमरे को देखता है — और मुस्कराता है।

कैमरा वहीं बंद हो जाता है।

अँधेरा

इशांत की हालत और बिगड़ने लगी। एक रात उसने अरणव से कहा:

“मैं बाथरूम में गया था, और आइने में... कुछ देखा। वो मैं था... पर मेरी आंखें मेरी नहीं थीं। वो देख रहा था... जैसे मुझे खा जाएगा।”

वो काँप रहा था।

“वो मैं नहीं हूँ... वो जो भी है, मुझसे मज़बूत होता जा रहा है।”

इसी बीच, अरणव ने पाया कि किसी ने उसके नाम से रेडिट पर एक पोस्ट डाला है:

"How to get rid of your sober self – permanently."

उसे याद नहीं था उसने कभी ऐसा किया हो।

ब्लैकआउट्

दोनों को अक्सर ब्लैकआउट होने लगा। शराब पीने के बाद के कई घंटे गायब।
एक बार अरणव होश में आया — किसी अजनबी जगह पर।
उसके हाथ में चाकू था। और सामने एक दीवार पर लिखा था:

"तुम्हारा अंत ही मेरा प्रारम्भ होगा"

उसे नहीं पता था — ये किसने लिखा, पर उसे थोड़ा थोड़ा आभास होने लगा था।

वो कमरे में भागा आया और फूट-फूट कर रोया।

इशांत ने कहा:

“अब अगर हमने कुछ नहीं किया, तो वो हमें खत्म कर देंगे... हमारे ही हाथों।”

मानसिक युद्ध

अब उन्होंने प्लान बनाया।

  • शराब बंद।
  • ध्यान, योग, और खुद को याद दिलाने की कोशिश कि असली वो हैं — न कि वो रात वाले राक्षस।

लेकिन रात वाले रूप इस बदलाव को स्वीकार नहीं कर सकते थे।

अब नशे की आदतें खुद आकर दस्तक देतीं — जैसे कोई अंधेरे में बोतल रखकर कहता हो:

“बस एक घूंट... फिर सब आसान लगने लगेगा।”

शरीर काँपता, पसीने से भीगता, पर उन्होंने हिम्मत की।

लेकिन...

उनके सपनों में अब उनका दूसरा रूप आने लगा था।

वो सपने नहीं थे — चेतावनी थी।

धोखा

एक दिन इशांत ने कहा कि वो अब पूरी तरह ठीक है।
“अब कोई डर नहीं। अब वो मुझे कंट्रोल नहीं करता।”

अरणव खुश हुआ। लेकिन रात में, उसने इशांत को देखा — बाथरूम में शीशे के सामने बोतल लिए। अपने आप से बात करते हुए:

“अब मेरी बारी है। अब मैं रहूँगा... वो नहीं।”

और अगली सुबह...

इशांत गायब था।

हम दोनों

अब अरणव अकेला रह गया था।
कमरे में, दीवारें अब भी वैसी थीं — लेकिन सन्नाटा ज़्यादा गहरा हो गया था।

उसे अब पता था — इशांत के भीतर का शैतान जीत चुका था।

क्या अब उसकी बारी थी?

भाग २ समाप्त।

Written by Harsh

I’ve been keeping these pages since 2008. Some posts are trips, some are poems, most are just life.

A little about me →

STAY A LITTLE LONGER