Skip to content
← Back to the notebookHome
Poems & Stories

अंतर्द्वंद - भाग ४ - फ़ैसला

भ्रम

कमरा अब भी वैसा ही था — टूटा आईना, सूखी खून की लकीरें, फर्श पर बिखरी बोतलें।

अरणव वहीं बैठा था। उसकी आँखें खुली थीं, मगर उनमें कोई लय नहीं थी।
वो एकटक देख रहा था — जैसे कोई अंदर से बाहर झाँक रहा हो।

फिर उसने धीरे से कहा:

“अब कोई नहीं बचेगा। अब मैं हूँ… सिर्फ मैं।”

ये आवाज़ अरणव की थी… लेकिन उसका लहजा नहीं।

दस्तावेज़

कुछ हफ्तों बाद, पुलिस को हॉस्टल से एक सूटकेस मिला — उसमें थे:

  • इशांत की डायरी
  • अरणव की रिकॉर्डिंग्स
  • एक लेटर — लिखा अरणव के नाम से:

“अगर ये पढ़ रहे हो, तो समझो मैं नहीं हूँ।
मैंने लड़ने की कोशिश की… लेकिन ‘वो’ जीत गया।
अब जो भी इस कमरे में रहेगा, उसे मैं एक सलाह दूँगा —
आईना मत देखना। कभी नहीं।”

उसके नीचे एक लाइन और थी — अजीब, कांपती हुई लिखावट में:

“अब मैं तुम्हे देख रहा हूँ।”

कमरा नंबर 106

छह महीने बाद…

कमरा नंबर 106 को नए छात्रों के लिए फिर से खोल दिया गया।

दो नए रूममेट आए — अंशुल और रोहित।

कमरा थोड़ा साफ़ करवा दिया गया था। दीवारें रंग दी गई थीं। आईना नया लग चुका था।

शाम को दोनों ने कमरे की खिड़की से बाहर देखा और अंशुल बोला:

“सुन, कॉलेज के पुराने लोग कहते हैं इस कमरे में कोई रहता था… जो पागल हो गया था। कहता था कोई उसके शरीर पर कब्ज़ा कर रहा था”

रोहित हँसा —

“ओवरडोज़ कर लिया होगा। भूत-वूत कुछ नहीं होता, भाई।”

रात में...

आईने पर एक धुंधली परछाईं उभरी।

दो आँखें... धीमे-धीमे उभरतीं, फिर ग़ायब हो जातीं।

आईने के कोने में एक शब्द उभरा —
“फिर से…”

विजयी कौन?

कहानी यहीं नहीं खत्म होती।

क्योंकि सवाल यह नहीं है कि अरणव जीत गया या उसका दूसरा रूप...

सवाल ये है — क्या वो दो थे कभी? या शुरू से ही एक?

अगर हम अपने भीतर किसी को रोज़ खाना देते रहें — ग़ुस्से, डर, घृणा और भागने की शराब से —
तो क्या एक दिन वो हिस्सा पूरा हम नहीं बन जाता?

“हर इंसान के भीतर कोई और रहता है।
फर्क बस इतना है — कुछ उसे बंद रखते हैं,
और कुछ… उस प्रतिबिम्ब
को आज़ाद कर देते हैं।”

समाप्त।

Written by Harsh

I’ve been keeping these pages since 2008. Some posts are trips, some are poems, most are just life.

A little about me →

STAY A LITTLE LONGER