Skip to content
← Back to the notebookHome
Poems & Stories

अंतर्द्वंद - भाग १ - आरंभ

कमरा नंबर 106

कॉलेज हॉस्टल का कमरा नंबर 106। दीवारें हल्की सीले से जर्जर, पंखा हिलता हुआ, और खिड़की से आती धूप जो ज़्यादा उजाला नहीं देती, बस एहसास कराती है कि दिन हुआ है। एक अजीब सी उदासी थी इस कमरे में - मगर अरणव और इशांत के लिए यही उनका घर था।

दोनों तीसरे वर्ष के छात्र थे – एक इंजीनियरिंग कॉलेज के सॉफ्टवेयर ब्रांच में, जहाँ पढ़ाई कम और बेचैनी ज़्यादा थी।

अरणव – लंबा, पतला, थोड़े भीतर की ओर झुका हुआ। जब चलता, तो जैसे सोचता चलता हो। उसकी आँखों में हमेशा एक शांति होती थी – या कहें, एक अधूरी नींद। इशांत – मोटे फ्रेम वाला चश्मा, उलझे बाल, तेज़ चाल, तेज़ बोली, और चुटीले व्यंग्य।
दोनों में कई बातें अलग थीं, लेकिन दोनों में एक चीज़ बिल्कुल समान थी – अकेलापन।

पहली बोतल

कॉलेज के तीसरे सेमेस्टर में एक रात सीनियर की पार्टी थी। दोस्त, संगीत, और शराब।
अरणव कभी नहीं पीता था। लेकिन उस दिन कुछ बदला – शायद थकान, शायद अकेलापन या शायद सिर्फ जिज्ञासा।

इशांत बोतल लेकर आया –

"बस एक पैग ले ले, भाई। जिंदगी एक ही है, और ये भी कट रही है CTRL+ALT+DEL के भरोसे।"

अरणव मुस्कुराया और गिलास ले लिया।

पहला घूंट जलता हुआ नीचे उतरा, मगर एक गर्माहट पीछे छोड़ गया।
उस रात, उन्होंने इतना पीया कि किसने क्या कहा, ये किसी को याद नहीं रहा।
पर कुछ बदल गया था।
शराब ने दरवाज़े खोले थे – अंदर छिपे उन हिस्सों के, जो अब तक दबे थे।

शराब से दोस्ती

इसके बाद, शराब कोई घटना नहीं रही। वो आदत बन गई।
शुरुआत हफ्ते में एक बार की थी, फिर दो बार, फिर रोज़।
शराब अब सिर्फ नशा नहीं थी — वो एक खुली डायरी थी, जिसमें दोनों वो सब कहते जो होश में कभी नहीं कहते।

“मैं इस दुनिया से नफरत करता हूँ।” — इशांत
“मैं खुद को मार देना चाहता हूँ कभी-कभी।” — अरणव

वे बातें करते थे, रोते थे, चिल्लाते थे, और अगली सुबह... कुछ भी याद नहीं रहता था।

मगर...

जब वो फिर शराब पीते थे तो उनकी पुरानी हर एक बात याद रहती थी।

प्रतिबिम्ब

वक़्त बीतने लगा। कॉलेज खत्म होने को आया, और उनकी ज़िंदगी दो दुनियाओं में बँट चुकी थी।
दिन में – नौकरी के इंटरव्यू, रिज़्यूमे, किताबें।
रात में – बोतलें, चीखें, और गहरे-अंधेरे विचार।

धीरे-धीरे, एक और बात होने लगी।

जब वो नशे में होते, तब बात करने का लहजा बदल जाता।
जैसे कोई दूसरे ही लोग उस कमरे में बैठे हों।

शराब के नशे में इशांत ने एक दिन कहा –

“ये दिन वाला मैं ना... नकली है। जब मैं बोलता हूँ, रोता हूँ, गुस्से से चीज़ें फोड़ता हूँ... वही असली मैं हूँ। बाकी सब दिखावा है।”

अरणव ने भी उसकी बात में हामी भरी ।

अधूरी नींद

अजीब घटनाएँ होने लगीं।

  • सुबह उठने पर किसी कोहनी पर चोट।
  • डेस्क पर किसी और की लिखावट।
  • फोन में कॉल्स जिन्हें उन्होंने किया ही नहीं।
  • और सबसे डरावनी चीज़ — आईने में अपना चेहरा थोड़ा अजनबी लगने लगा।

एक रात, अरणव को लगा जैसे कोई उसके कान में फुसफुसा रहा हो।
"तुम बस दिन भर झूठा नाटक करते हो। असली तुम तो मैं हूँ। मुझे जीने दे।"

साज़िश

अब उनका नशे वाला रूप अकेला नहीं था। वो दो थे — और वो दोनों मिलकर प्लान बना रहे थे।

एक दिन सुबह अरणव उठता है तो क्या देखता है - उसका लैपटॉप खुला है। स्क्रीन पर एक वर्ड फाइल –
“Execution Plan.docx”

उसमें लिखा था:

"उसके कमरे में गैस लीक करो। अरणव सो रहा होगा, हम सब खत्म कर देंगे। फिर कोई नहीं बचेगा जो हमें रोके।"

अरणव हक्का-बक्का रह गया। पर उसे कुछ याद नहीं था — उसने तो कभी ऐसा लिखा ही नहीं।

भाग 1 समाप्त।

Written by Harsh

I’ve been keeping these pages since 2008. Some posts are trips, some are poems, most are just life.

A little about me →

STAY A LITTLE LONGER