समुन्दर में बहता हुआ,
तैरने से इंकार है, किसी ज़मीन की तलाश भी नहीं है।
सिर्फ आसमान को निहार रहा हूँ,
क्यूंकि आसमान सुन्दर है।
और तारे… तारे तो सपनो जैसे हैं।
पर चलो, सिर्फ़ आसमान और तारों की बात न करें,
आओ, बात करें रात की।
रात -
जो है घर उन आवाज़ों की
जिनको किसी ने कभी सुना नहीं।
आवाज़ें जो ढूंढ रही हैं एक रास्ता,
वे कहती हैं की यहां रोशनी कुछ ज्यादा ही है
वे कहती हैं की यहां ख़ामोशी कुछ ज्यादा ही है।
अगर मुझे सुनना चाहते हो तो थोड़ा शोर मचाओ
अगर मुझे देखना चाहते हो तो यहां की रोशनी बुझाओ।
मैं तो बस बहते रहना चाहता हूँ,
इन आवाज़ों की लहरों में,
और सुनना चाहता हूँ उनकी गुमनाम कहानियां,
बिना किसी किनारे की तलाश के,
बिना किसी जानी पहचानी आवाज़ के।
रात की ख़ामोशी मेरा नाम पुकारती है,
पूछती है - "किधर जा रहे हो तुम?"
काश… मैं बता पाता।
काश… मेरे पास जवाब होते।
मगर वह ज्यादा सवाल नहीं करती,
वह समझती है - रात सब जानती है।
वो मेरे पास आकर बैठती है,
बिना कोई हलचल किए - मेरी ख़ामोशी को अपना लेती है।
मैं जानता हूँ, वो मुझसे कुछ कहना चाहती है,
मैं जानता हूँ, उसके मन में अब भी कई सवाल हैं।
मगर वो चुप रहती है।
वो तमाम लम्हे जब मैं भीतर से सुन्न था।
मैं शिकायत नहीं करता।
मैं आभारी हूँ - हर उस एहसास का,
हर उस चुप रात का।
काश, मैं उसे ये कह पाता।
पर ज़रूरत नहीं... वो समझती है।
ये वही वक़्त है रात का
ये वक़्त .. जो मैं हूँ,
ये रात .. जो मैं हूँ,
अपना ही मित्र, अपना ही शत्रु।
मन में कई सवाल हैं मेरे,
खुद से जो मैं करना चाहता हूँ,
पर मैं कुछ कहता नहीं,
मैं अब समझता हूँ,
चुपचाप सिर्फ बहता रहता हूँ,
आसमान को निहारता हुआ, तारों में सपने देखता हुआ।
रात
Very nice.Beautifully articulated with mastery of the language.keep flowing