Skip to content
← Back to the notebookHome
Poems & Stories

दोष

वह जूझ रहा था,
एक अदृश्य शत्रु से —
जो न कभी सामने आया,
न कभी आएगा।

हवा की हल्की सरसराहट,
कांपती फुसफुसाहट सी उसके कानों में बसी।
कंधे से सरकती हुई, गर्दन को छूती।
कह रही थी —
एक नए युग का आगाज़ है,
जो बीते समय की अनिश्चित धूल में ढँका हुआ है,
जैसे समय के पृष्ठ पर स्थिर, अडिग, जड़।

उसकी सारी कमजोरियाँ —
एक साथ, एक क्षण में।
अधूरा उद्देश्य,
टूटा भरोसा,
डगमगाता विश्वास।

क्या वह इस रहस्य को समझ पाएगा?
या यह उसकी सोच से परे है?
अब उसे उस अज्ञात अंजाम की ओर बढ़ना होगा,
जहाँ पछतावे की ज्वाला उसे निगल जाएगी।

अब लौटने का मार्ग नहीं।
उसके लिए भी नहीं। हमारे लिए भी नहीं।
मन की यह उथल-पुथल हमारे पीछे-पीछे चलेगी,
समय के अंतिम छोर तक,
आकाश की आख़िरी सीमा तक।
और अंत में —
दृश्य के पार,
वह अदृश्य शत्रु हँसेगा।

Written by Harsh

I’ve been keeping these pages since 2008. Some posts are trips, some are poems, most are just life.

A little about me →

STAY A LITTLE LONGER