दिसम्बर का महीना, मुंबई की दौड़ भाग, ठण्ड का क्या ठण्ड के ज़िक्र का भी दूर दूर तक कोई पता नही। हर साल की तरह इस साल भी निकल गया था मैं ठण्ड की तलाश में पहाड़ो की तरफ। बीवी से जब पूछा चलने के लिए तो बिना कुछ सोचे समझे ही उसने कह दिया की माफ़ करिये जनाब, ये टार्चर आपको ही मुबारक हो। मेरी ही गलती थी - मई में भी जो गरम पानी से नहाता हो उससे ये सवाल पूछना ही बेमानी थी। खैर आगे बढ़ते हैं।

जाना था उत्तराखंड, और मैंने लिए वही हर साल वाला रूट - मुंबई से दिल्ली से हृषिकेश। वही जगमगाती लक्ष्मण झूला वाली गली, अपनी ही धुन में झूमते हुए हॉस्टल और वहाँ के प्राणी। और हरिद्वार की तरफ बढ़ती हुवी गंगा मैय्या - एक ही समय पर शांत और सुन्दर, और साथ ही तीव्र और तेजस्वी। घंटो आप यहां घाट पर बैठ सकते है। समय थम सा जाता है यहां। टहलते-टहलते गँगा किनारे पहुँचे तो पानी की आवाज़ ने सबकुछ डूबो दिया। कोई बाबा धुनी रमाए बैठे थे, उनके पास बैठे एक कुत्ते ने मुझे घूरकर देखा… जैसे कह रहा हो, "अरे भाई, यहाँ शांति चाहिए तो मोबाइल बंद करो।" चाँद की रोशनी में नदी पर तैरती नावें देखकर लगा – शायद प्रकृति भी कभी-कभी अपने फ़िल्टर्स लगाकर फोटो खींचती होगी।
ये हृषिकेश की वो शाम थी जहां हवा में कसकती ठंड अभी आपको स्वेटर पहनाने की ज़िद नहीं कर रही थी । बाज़ार में अफ़ग़ानी चैप की दुकान से उठती तीखी खुशबू ने ज़बरदस्ती मुँह में पानी ला दिया। कोई भीड़ नहीं, बस कुछ बैकपैकर्स चाय की चुस्कियाँ लेते हुए, दुकानदार बेमन से सामान सजा रहे। सैलम हॉस्टल के कमरे में गर्म पानी का शॉवर! उस पल लगा जैसे "लक्ज़री" का मतलब यही होता है। रात की टहलते हुए सोचा – ट्रेक से पहले ये छोटी-छोटी चीज़ें हीरो बन जाती हैं|
रात हॉस्टल में जल्दी सो गए क्यूंकि सुबह ६ बजे निकलना था। ठीक समय पे मैं ट्रेक द हिमालय (TTH) द्वारा बताये गए स्थान पे पंहुचा। ठण्ड का एहसास अब हुआ ठीक से, और वहाँ जनता को देख कर ये भी एहसास हुआ की ६ बजे का मतलब भारत मैं ६ बजे नहीं होता। डेढ़ घंटे क विलम्ब से हम १२ लोग निकले जोशीमठ की तरफ। कुछ देर सोते हुए कुछ देर बाहर का नज़ारा देखते हुए शुरू का समय बीता। १० बजे की धूप ने ठंड को पीछे धकेल दिया। रास्ते में रुद्रप्रयाग और नंदप्रयाग पर ठहराव हुआ। धीरे-धीरे ऊंचाई बढ़ रही थी और ठंड भी।
उत्तराखंड की वादियों में बसा क्वारी पास (Kuari Pass) ट्रेक। इसे ‘Curzon Trail’ भी कहा जाता है क्योंकि 1905 में ब्रिटिश वायसराय लॉर्ड कर्ज़न ने इस रास्ते पर ट्रेक किया था। क्वारी पास से नंदा देवी, कामेट, डुनागिरी और चौखंभा जैसे हिमालयी शिखरों का नज़ारा मन को मोह लेता है। इतिहास और प्राकृतिक सुंदरता का अद्भुत संगम है ये ट्रेक। और मेरा अनुभव भी कुछ ऐसा ही रहा — थकान, ठंड, हंसी और जीवन की छोटी-छोटी खुशियों से भरा हुआ।
पीपलकोटी से शुरुआत
शाम 5 बजे पीपलकोटी पहुँचे। दूर कहीं बर्फ से ढके पहाड़ दिख रहे थे, जैसे बुलावा दे रहे हों। डिनर, डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन और ब्रीफिंग के बाद बैग पैक कर के सो गए।
पहला कैंपसाइट: गूलिंग टॉप में बर्फबारी का जादू
अगली सुबह पीपलकोटी से तुगासी होते हुए जोशीमठ पहुँचे। वहां से कारों की छत पर जमी बर्फ देखकर ही मौसम का मिज़ाज समझ आ गया। गूलिंग टॉप की ओर 2-3 किलोमीटर की चढ़ाई, जो छोटी थी लेकिन बार-बार रुकना थकाऊ लगा। वहां पहुंचते ही जोरदार बर्फबारी शुरू हो गई। बर्फ में खेलना, फोटो लेना और ठिठुरते हुए तंबू में सोने की कोशिश करना — सब एक अनुभव था। -15 डिग्री की ठंड में बार-बार तंबू से बर्फ झाड़नी पड़ती थी।
खुल्लारा: जादुई सफेद जंगल
सुबह की सबसे बड़ी चुनौती थी टॉयलेट टेंट — ठंड, अकड़ते घुटने और ठंडे पानी का सामना करना। 8 बजे हम अगली चढ़ाई के लिए निकले। रास्ता जादुई था — देवदार और बुरांश के पेड़ों से छनती धूप, बर्फ से ढकी पगडंडियां, और बहती छोटी धाराएँ। आखिरी 2 किलोमीटर की खड़ी बर्फीली चढ़ाई ने सांस फुला दी, लेकिन खुल्लारा कैंपसाइट पर पहुँच कर राहत मिली। सफेद बर्फ पर रंग-बिरंगे टेंट बहुत खूबसूरत लग रहे थे।

सितारों से भरी रात
शाम होते-होते फिर बर्फ गिरने लगी। शरीर को गर्म रखने के लिए चलते रहे। रात में माइक्रो स्पाइक पहनने की प्रैक्टिस हुई। आकाश में मिल्की वे और लाखों सितारे दिखे, जिन्हें शहरों ने हमसे छीन लिया है। उस रात सोना मुश्किल था, मन शांत था पर नींद दूर थी।
समिट डे
अगली सुबह, ठंड से जूझते हुए समिट के लिए निकले। आज सूरज पूरी रौशनी में था और सफेद बर्फ के विस्तार पर चलना सपने जैसा लगा। किस्मत से हवा नहीं चली और बिना परेशानी के हम क्वारी पास समिट कर गए। लेकिन धूप का अंदाज़ा नहीं लगाया था — नतीजा, जली हुई नाक और गाल! समिट के बाद ताली जंगल कैंप पहुंचे। ऊंचाई कम थी, तापमान फिर भी शून्य के नीचे, लेकिन अब मन शांत था। उस रात चैन की नींद आई।

अंतिम दिन
अगले दिन सिर्फ उतराई थी — आसान समझा था, मगर बर्फीले और फिसलन भरे रास्ते ने हर कदम पर ध्यान मांगा। बिना स्पाइक के उतरना और गिरते-पड़ते फिर संभलना — रोमांच भी था और परीक्षा भी। तुगासी पहुँचकर वापस पीपलकोटी लौटे। दस जले हुए उंगलियां, रूखे होठ, और ढेर सारी यादें साथ लेकर।

असुविधा का भी अपना ही रोमांच है और कभी कभी अपने कम्फर्ट जोन से बाहर जा के अपने शरीर और को टेस्ट करना बहुत जरूरी है। मुझे तो जो चाहिए था वो हर तरह से मिला इस सफर में। अगले साल फिर निकलूंगा किसी ट्रेल पर, बर्फ और नए अनुभवों की तलाश में - प्रकृति की सुंदरता, सीमित संसाधनों में खुश रहना, और खुद से मिलने का मौका — ये बस पहाड़ों की यात्रा नहीं, बल्कि जीवन का एक जरूरी सबक है।
बहुत ही रोमांचित यात्रा । शायद मैं भी इतने कम तापमान में घूमने का सहस नहीं जुटा पाऊंगा । पर यह वृत्तांत पढ़कर रोमांचित हो उठता हूँ । कम शब्दों में उत्तम अभिव्यक्ति । बहुत खूब ।
अद्भुत। बहुत अच्छा। हम सब तुम्हारे साथ घूम आए।
Beautiful articulation.
We are able to visualise the entire picture and we have been mesmerized by the beautiful narrative.
Will try to join you in Trek of 2026