Skip to content
← Back to the notebookHome
Furry Friends

कुछ नहीं करेगा

आज घर लौटते समय ट्राइपॉड और बैम्बी कुछ ज़्यादा ही उत्साह में मिले। ये भक्ति पार्क के कुत्ता समुदाय के दो सदस्य हैं।

कुछ हफ़्ते पहले ट्राइपॉड ग़ायब हो गया था। उसे ढूँढ़ने के लिए एक फ़ेलोशिप बनी थी। सबने काफ़ी विश्वास से कहा था, “पक्का लोधा गया होगा।”

लोधा में ट्राइपॉड का कोई सीन था या नहीं, पता नहीं। लेकिन जिस विश्वास से यह बात कही जा रही थी, लगा कि किसी के पास पक्की जानकारी होगी। खोजबीन हुई। ट्राइपॉड नहीं मिला।

फिर पता चला कि भक्ति पार्क के अधिकांश कुत्ते ही ग़ायब हैं। दिवाली के पटाखों से बचाने के लिए उन्हें किसी सुरक्षित जगह रखा गया था। हम इधर लोधा में उसको ढूँढ़ रहे थे।

भक्ति पार्क में नीले कॉलर वाला ट्राइपॉड फुटपाथ पर लेटा हुआ।

ख़ैर, अब दोनों वापस आ चुके थे और पूरे उत्साह में थे। एक-दूसरे के पीछे ऐसे भाग रहे थे कि सामने जवान है, बुज़ुर्ग है या बच्चा, इससे कोई मतलब नहीं था। खेलना उनका अधिकार था। बचना बाक़ी लोगों की ज़िम्मेदारी।

इस भागमभाग में वे बार-बार एक बच्चे की तरफ़ पहुँच जा रहे थे। बच्चा परेशान। उसकी माँ परेशान। आसपास वाले परेशान।

दोनों से हटने का आग्रह किया गया।

“अरे, उधर खेल लो।”

लेकिन आग्रह स्वीकार करने की उनकी कोई इच्छा नहीं थी।

अब क्या किया जाए?

सृष्टि ने इसका रामबाण निकाला। उसने सबके सामने ऐलान कर दिया।

“कुछ नहीं करेगा।”

बच्चा अभी भी डरा हुआ था। शायद पहली बार ठीक से सुन नहीं पाया होगा।

“अरे, कुछ नहीं करेगा।”

उधर ट्राइपॉड और बैम्बी अपने सारे दाँतों का प्रदर्शन करते हुए कुश्ती में व्यस्त थे। पहले गुर्राना। फिर उससे तेज़ गुर्राना। बीच में बच्चे की तरफ़ एक चक्कर और लगा लेना।

लेकिन बच्चे को डरना नहीं चाहिए था। सृष्टि ने बता तो दिया था कि कुछ नहीं करेगा। अब इसके बाद भी डरते रहना समझ से परे था।

ख़ैर, बच्चा आगे बढ़ गया। दोनों की खुराफ़ात की शिफ़्ट किसी और के पास चली गई। हम भी घर की तरफ़ बढ़ने लगे।

सृष्टि काफ़ी ख़ुश थी। सही समय पर पहुँचकर उसने बता दिया था कि कुछ नहीं करेगा।

नहीं तो आज पता नहीं क्या हो जाता।

Written by Harsh

I’ve been keeping these pages since 2008. Some posts are trips, some are poems, most are just life.

A little about me →
Leave a comment

Your name and approved comment will be public. No email address is collected.

STAY A LITTLE LONGER