मुंबई से लखनऊ आया हूँ। लगता है फिर से अपने इंजीनियरिंग वाले दिनों में चला आया हूँ। बस अब पढ़ाई का दबाव नहीं है और समय ही समय है।

बाकी व्यवस्था वही है। रात में दो-तीन बजे तक लैपटॉप पर कुछ तीन-पाँच करते रहना। फिर सुबह दस बजे तक सोना। दस बजे उठने का कोई विशेष इरादा नहीं होता, लेकिन घर की अपनी व्यवस्थाएँ हैं।
मेड दीदी कमरे में आती हैं। पंखा बंद करके झाड़ू लगाती हैं और पंखा चालू किए बिना चली जाती हैं। नींद खुलवाने की इस तकनीक में आवाज़ देने की भी ज़रूरत नहीं पड़ती।
थोड़ी देर में आदमी अपने जीवन के सारे निर्णयों से झल्लाता हुआ खुद उठ बैठता है।
मुझे उठा देख मम्मी तुरंत नाश्ता लगा देती हैं। उनके हिसाब से मैं अभी-अभी कई घंटों के उपवास से लौटा हूँ। ब्रश वगैरह बाद में भी हो सकता है। नाश्ता गरम है।
तो बिना ब्रश किए नाश्ता करता हूँ। इस उम्र में आकर भी कुछ चीज़ें मम्मी की ज़िम्मेदारी हैं और कुछ चीज़ों के लिए मैं अभी पर्याप्त बड़ा नहीं हुआ हूँ।
फिर लैपटॉप पर क्लॉड को काम पकड़ाता हूँ और छत पर चला जाता हूँ।
वहाँ धूप है। खेत हैं। दूर पटरी पर कभी-कभी कोई ट्रेन भागती हुई दिख जाती है। ट्रेन को दूर से देखना अच्छा लगता है। उसमें बैठकर कहीं पहुँचने की ज़िम्मेदारी नहीं होती।
पहले इधर नीलगाय आती थीं। मोर भी दिख जाते थे। अब नहीं आते। नए घर बन रहे हैं। इंसान बढ़ रहे हैं। जहाँ हम रहने पहुँचते हैं, वहाँ से कुछ और रहने वाले चले जाते हैं। फिर हम छत पर खड़े होकर कहते हैं कि पहले यहाँ बहुत मोर आते थे।
छत पर कोई ख़ास काम नहीं करता। थोड़ी देर धूप देखता हूँ। फिर खेत। फिर वहीं दोबारा धूप। बीच में किसी छत पर पानी की टंकी भर रही होती है। किसी के यहाँ कपड़े सूख रहे होते हैं। इतना सब देखने में अच्छा-ख़ासा समय लगना चाहिए।
लगता है चार-पाँच घंटे हो गए। नीचे आता हूँ तो बारह ही बजे हैं।
लैपटॉप पर क्लॉड अभी भी लगा हुआ है। उसके लिए जितना समय बीता था, उतना ही बीता था। उसके यहाँ कोई टाइम डाइलेशन नहीं हुआ। यह सुविधा फिलहाल घर आए हुए लड़कों को ही मिल रही है।
यहाँ दिन अड़तालीस घंटे का होता है।
काम भी हो रहा है। पढ़ भी रहा हूँ। बस हर काम के पीछे अगला काम लाइन लगाकर खड़ा नहीं है। एक चीज़ ख़त्म होती है तो थोड़ी देर उसे ख़त्म हुआ रहने देता हूँ।
मन शांत रहता है। शुरू में थोड़ा अजीब लगता है। आदत पड़ गई है कि खाली बैठे हैं तो कुछ छूट रहा होगा। फ़ोन उठाओ। लैपटॉप खोलो। कुछ देख लो। किसी को जवाब दे दो। अपने होने का कोई छोटा-मोटा प्रमाण देते रहो।
यहाँ थोड़ी देर में वह खुजली भी शांत हो जाती है।
बोरियत नहीं है। शायद संयम है। धूप को धूप जितना समय देने का संयम।
शहर सो भी जल्दी जाता है। नौ बजे कॉलोनी में सन्नाटा पसर जाता है। किसी घर से बर्तन रखने की आवाज़ आती है, कोई आख़िरी मोटरसाइकिल निकलती है, फिर लगता है आज के लिए संसार का काम पूरा हुआ।
मैं घड़ी देखता हूँ। अभी नौ ही बजे हैं।
यहाँ आधी रात जल्दी हो जाती है। भोर देर से होती है। बीच में अपने लिए बहुत सारा समय बच जाता है।

इंजीनियरिंग के दिनों में इसी समय प्रोजेक्ट किया करता था। किताबें पढ़ता था। साथ में टीवी चला लेता था, म्यूट पर। देखना कुछ नहीं होता था। बस कमरे में कोई और भी जाग रहा है, ऐसा लगता रहता था। स्क्रीन पर लोग अपने काम से आते-जाते रहते थे और मैं अपना काम करता रहता था। बिना बातचीत की अच्छी संगत थी।
अब लैपटॉप पर क्लॉड है। उससे बात भी हो जाती है और उसे काम भी दिया जा सकता है। कभी-कभी इतना काम कर देता है कि मुझे ही छत पर जाना पड़ता है।
उस समय पढ़ने की वजहें थीं। प्रोजेक्ट जमा करना है। परीक्षा है। कुछ बनना है। कहीं पहुँचना है।
अब वैसा कोई दबाव नहीं है। फिर भी पढ़ रहा हूँ। किसी चीज़ के बारे में पढ़ते-पढ़ते दूसरी चीज़ मिल जाती है, फिर उसे पढ़ने लगता हूँ। बीच में यह हिसाब नहीं लगाना पड़ता कि परीक्षा में कितने नंबर का आएगा।
बिना दबाव के पढ़ने में अद्भुत आनंद है। किताब के साथ इतनी देर बैठ सकते हैं कि वह थोड़ी अपनी लगने लगे।
रात में लैपटॉप बंद करता हूँ तो कई बार लगता है आज बहुत कुछ किया। फिर सोचता हूँ, किया क्या-क्या? थोड़ा पढ़ा। कुछ काम किया। छत पर गया था। ट्रेन देखी थी। मम्मी के साथ बैठा था।
घड़ी के हिसाब से शायद इसमें कोई बड़ी उपलब्धि नहीं है। मेरे हिसाब से पूरा दिन है।
और यहाँ पूरा दिन भी अड़तालीस घंटे का मिलता है।
सुबह फिर दीदी आएँगी। पंखा बंद करेंगी।
उन्हें इस टाइम डाइलेशन से कोई मतलब नहीं है।