सुबह का समय है। शहर जाग रहा है। एक आदमी चाय पी रहा है। सड़कों की सफाई हो रही है। कल क्या हुआ था, उसे एक तरफ रखकर आज की तैयारी हो रही है। एक वृद्ध फूल तोड़ रहे हैं। भक्ति पार्क में Scooby, Cola, Pepsi, Jai और Veeru अपने-अपने हिसाब से सुबह बिता रहे हैं। कोई घास पर लोट रहा है, कोई दूसरे कुत्ते के पीछे पड़ा है। विलायती कुत्ते अपने मालिकों के साथ टहल रहे हैं। कोई पट्टे पर आगे-आगे चल रहा है, कोई हर दूसरे पेड़ के पास रुक जाता है। उनके पीछे-पीछे मालिक भी रुकते और चलते हैं। कुछ लोग बैडमिंटन खेल रहे हैं, कुछ दौड़ रहे हैं। कुछ बेंच पर बैठे हैं। कुछ बस चलते जा रहे हैं।
तोते हैं, गिलहरियाँ हैं, कौवे हैं, मैना हैं, गौरैयाँ हैं, बुलबुल हैं। सब हैं इस पार्क में। पेड़ों पर, घास पर, बिजली के तारों पर। किसी को किसी से खास मतलब नहीं है। गिलहरी अपने काम में लगी है, कौवा अपनी आवाज़ में, और कुत्ते अपनी दुनिया में।
सूरज सीधे मेरी आँखों के सामने उगता है। धीरे-धीरे आसमान का रंग बदलता है। पेड़ों के पीछे से रोशनी निकलती है और फिर पूरे पार्क में फैल जाती है। कुछ लोग इसे देख रहे होते हैं, कुछ की नज़र घड़ी पर होती है, कुछ के कानों में इयरफोन लगे हैं।
कभी-कभी साँप दिख जाते हैं, नेवले भी। बहुत बारिश हो जाए तो पास की ड्रेन से मछलियाँ निकलकर यहाँ तक आ जाती हैं। कुछ इतनी बड़ी होती हैं कि एक्वेरियम में रख भी नहीं सकता। फिर वे कहाँ जाती हैं, पता नहीं। बारिश रुकती है, पानी उतरता है, और पार्क फिर पहले जैसा हो जाता है।
सुबह अक्सर उठ नहीं पाता हूँ। अलार्म बजता है, बंद हो जाता है। बिस्तर छोड़ने का मन नहीं करता। बाहर जाने का मन नहीं करता। फिर कभी उठ जाता हूँ और यहाँ आकर बैठ जाता हूँ। न दौड़ने की जल्दी, न कहीं पहुँचने की।
कभी बस चलते रहो। कभी दौड़ लो। कभी बस सूरज को निहारते रहो। कभी बैठकर अंकल को बाँसुरी बजाते सुनो। कभी बस सोते रहो।
लगभग सब वैसा ही है