Skip to content
← Back to the notebookHome
Odds & Ends

सम्मान

क्यों करूं मैं तुम्हारा सम्मान?
सम्मान पाना तुम्हारा जन्मसिद्ध अधिकार तो है नहीं।
क्यों ऐसी उम्मीद रखते हो कि तुम जहां जाओ, तुम्हारा स्वागत फूलों से हो, और हर अधरों पर तुम्हारा नाम हो?

तुम सोचते हो कि कुछ चंद काम कर लेने से समाज तुम्हारे चरणों में झुक जाएगा
पर समाज झुकता नहीं, समाज तो देखता है।
वह नापता है तुम्हारे कर्म का तौल, और फिर भी बहुत बार गलत तौल देता है,
क्योंकि उसके तराजू पर चापलूसी का बाँट रखा होता है।

तुम्हारे लिए सम्मान कोई साधना नहीं, एक सौदेबाज़ी है
“मैने इतना किया, अब ताली बजाओ।”
पर जो सच्चे कर्मयोगी हैं, वे तो बिना मुँह खोले इतिहास में जगह बना लेते हैं।
और जो रोज़ अपने गुणों का ढोल पीटते हैं,
उनके ढोल की खाल पहले ही फट चुकी होती है।

आज का समाज भी अजीब है
जो झूठ को सुनहरा लपेट दे, वह पूजनीय है,
जो सच बोले, वह असभ्य।
यहाँ पद का नहीं, पदवी का मान है,
यहाँ चरित्र नहीं, परिचयपत्र देखा जाता है।
कभी-कभी लगता है, अब सम्मान का मूल्य वही जानता है
जो उसे खो चुका है,
बाक़ी तो बस पुरस्कारों की नीलामी में खड़े हैं
बोली लगाते हुए, “मुझे भी देखो, मैं भी योग्य हूँ!”

इसलिए मत पूछो कि मैं तुम्हारा सम्मान क्यों नहीं करता।
कभी आईने में देखो
तुम्हें शायद वहाँ वह चेहरा न दिखे
जिसे सम्मान मिलना चाहिए,
बल्कि वह दिखे जो हर रोज़ उसकी माँग करता है।


गाँव के चौपाल पर आज भी वही चर्चा थी

रामसुमेर बाबू अपने किए हुए कामों का बखान कर रहे थे।
पाँच बार बोल चुके थे कि उनके नाम पर शहर में पोस्टर लगा है,
तीन बार याद दिला चुके थे कि पंचायत में सब उनकी बात मानते हैं।

तभी पास बैठा बूढ़ा कर्मा किसान हँस पड़ा।
कहा, “बाबूजी, ये बताइए, सम्मान कोई खेत की फ़सल है क्या, जो बोया तो मिल जाएगा?”

रामसुमेर ने त्यौरियाँ चढ़ाईं, “तुम क्या जानो कर्मा, मैंने गाँव के लिए बहुत किया है।”

कर्मा बोला, “करना बुरा नहीं बाबूजी, पर जो करता है, वो बताता नहीं।
मालगाड़ी का डिब्बा सबसे ज़्यादा आवाज़ करता है, पर बोझ खाली होता है।
जिसमें अनाज होता है, वो चुपचाप चलता है।”

भीड़ में कुछ लोग मुस्कुरा दिए।
रामसुमेर को यह बात अच्छी न लगी। बोले, “अब तू हमको सिखाएगा सम्मान का अर्थ?”

कर्मा ने हुक्का नीचे रख दिया।
कहा, “सम्मान माँगा नहीं जाता बाबूजी, अपने आप उगता है।
जिस दिन लोग बिना कहे तुम्हारे बारे में अच्छा बोलें,
समझ लेना, उस दिन तुम्हारा सम्मान हुआ।
बाक़ी तो आजकल हर गली में लोग अपने ही गुण गा रहे हैं।”

चौपाल पर सन्नाटा फैल गया।
रामसुमेर का चेहरा उतर गया, पर कर्मा फिर भी शांत था।
धीरे से बोला, “बाबूजी, आपने बहुत किया होगा,
पर सम्मान की मिट्टी में अहंकार का बीज डालोगे तो फूल नहीं खिलेंगे।”

उस दिन गाँव में पहली बार किसी ने कहा
सम्मान दिया नहीं जाता, अर्जित होता है।
और सबको लगा, आज चौपाल पर सच बोला गया है।

Written by Harsh

I’ve been keeping these pages since 2008. Some posts are trips, some are poems, most are just life.

A little about me →

In the margins 3 comments

  1. Archana RaiOctober 23, 2025

    अति उत्तम

  2. Archana RaiOctober 23, 2025

    रोज लिखा करो। काफी अच्छा लिखते हो।

    1. harsh.singhOctober 25, 2025

      धन्यवाद 🙏

Comments are closed.

STAY A LITTLE LONGER