दो दिनों से लखनऊ में बदली छायी हुवी है और झमाझम बारिश हो रही है। अश्विन महीने में अकस्मात् सावन आ परसा है। ये मैं शिकायत नहीं कर रहा हूँ अपितु प्रसन्नता से कह रहा हूँ। हालांकि अक्सर इतनी बारिश होने पे शहर में बत्ती गुल हो जाती है। टाटा स्काई भी माफ़ी मांग के किसी सुरक्षित स्थान चला जाता है। शोर गुल भरे जीवन में बिना मांगे आपको फुर्सत के कुछ पल नसीब होते हैं और आप सोचते हैं की काश बारिश ऐसी ही होती रहे। काश बिजली कुछ देर और ना आये। काश कुछ देर और आपको गुम होने का बहाना मिल जाए।
कुछ ही दिनों में दिवाली है। ठहरे ठहरे ही लग रहा है ये पूरा वर्ष बीत जाएगा। खैर किया भी क्या जा सकता है। आप नदी की धारा को बदलने को तो नहीं कह सकते। हाँ कोशिश कर सकते हैं उसे बदलने की। कुछ लोगों को इकठा करिये और खुदाई में लगा दीजिये। उसपे भी कहा नहीं जा सकता की नदी को आप नियंत्रित कर लेंगे। हाँ कुछ देर तक आप सांस लेने का उपाय जरूर कर सकते हैं। पर अंत में नदी तो वहीं जायेगी जहां उसे जाना होगा। तो जैसे इतना समय काट लिया है थोड़ा समय और काट लेते हैं। फुर्सत से बह जाने देते हैं इस नदी को। तब तक मिल कर एक नांव बना लेते हैं हम लोग। उद्योग से ही हम यहां तक पहुंचे है और आगे भी जरूर जाएंगे।
मुझे नहीं पता की ये बारिश किसे परेशान कर रही होगी इस समय। कहना कोई राहगीर किसी रास्ते में फंसा होगा। किस इंसान का कोई जरूरी काम अटक गया होगा इसके चलते। ऐसे में क्या उपयुक्त है हमारा इस बारिश में आनंदित होना? कभी कभी ऐसे विचार आते हैं आपके मन में और आपको कोई उत्तर नहीं सूझता।
रात के २ बजे का वक़्त। आपके विचार वैसे ही आपके मन में गूंजते हैं इस वक़्त। ऊपर से बारिश मैं आप खुद को और भी लुप्त पाते हैं। कभी आप १० वर्ष पहले की घटना याद करने लगते हैं। और कभी भविष्य के बारे में सोच के चिंतित होते हैं। इन खयालो की आवा जाहि में भी एक तरह का ठहराव होता है जिसे बयान करना मुश्किल है। मैं कोशिश भी नहीं करूँगा इसकी। मैं कुछ पल इसी ठहराव में और जीना चाहता हूँ। अब पता नहीं अगली बार लखनऊ में अश्विन की बारिश से भेंट फिर कब हो।
अश्विन की बारिश